बुलन्दशहर : 24 / जनवरी / 2026 : खुर्जा में पीएनबी बैंक के निकट शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वहाँ गन्ने से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्री को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

अरनिया मौजपुर जंक्शन निवासी सुरेश बौद्ध (45 वर्ष) पुत्र सोनपाल सिंह अपनी 18 वर्षीय पुत्री शिवानी को बाइक से खुर्जा छोड़ने आ रहे थे। शिवानी खुर्जा स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत है। शाम लगभग 7:00 बजे जब वे खुर्जा के पीएनबी बैंक के समीप पहुँचे, तभी गन्ने से लदे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्री सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया। शिवानी का उपचार खुर्जा के सूरजमल जटिया अस्पताल में चल रहा है।
सुरेश बौद्ध की हालत को देखते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से भागने में सफल रहा। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












