बुगरासी में बदहाल रास्तों पर उठे सवाल, शव यात्रा को गंदे पानी से गुजरना पड़ा

बुगरासी : 20 / अप्रैल / 2026 :  बुगरासी क्षेत्र के गांव बुकलाना में अव्यवस्थाओं की एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है। गांव निवासी एक व्यक्ति का मेरठ में इलाज के दौरान रात करीब 1:30 बजे निधन हो गया। परिजन जब शव को अंतिम संस्कार के लिए गंगा घाट ले जा रहे थे, तो उन्हें गांव के मुख्य मार्ग से गुजरना पड़ा, जहां बिजलीघर और अस्पताल के सामने सड़क पर पानी भरा हुआ था।
ऐसे में शव यात्रा को मजबूरी में गंदे पानी से होकर निकलना पड़ा, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि यह हाल पिछले कई वर्षों से बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान कर्मवीर सिंह के विकास कार्यों के दावों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि थोड़ी सी भी ध्यान दिया जाता, तो इस मार्ग को ठीक कराया जा सकता था। वहीं, ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में नवोदय विद्यालय के पीछे खनन कार्य जारी है, लेकिन बुनियादी समस्याओं की ओर किसी का ध्यान नहीं है।
इस घटना के बाद गांव की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति का सामना न करना पड़े।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment