दतिया में फिर गूंजा कैमरा: ग्राम बिलहारी में चल रही बॉलीवुड फिल्म ‘शक्तिशालिनी’ की शूटिंग

दतिया : 29 / अप्रैल / 2026 :  मध्यप्रदेश का ऐतिहासिक शहर दतिया अब फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा लोकेशन बनता जा रहा है। जिले के खूबसूरत और प्राकृतिक स्थलों ने सिने जगत का ध्यान तेजी से अपनी ओर खींचा है। इसी कड़ी में इन दिनों ग्राम बिलहारी में बॉलीवुड फिल्म ‘शक्तिशालिनी’ की शूटिंग जोर-शोर से जारी है।

फिल्म का निर्देशन निर्माता-निर्देशक आदित्य सर्पोत्तदार कर रहे हैं, जबकि लाइन प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी लालू राजावत संभाल रहे हैं। इस प्रोजेक्ट में स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया जा रहा है। दतिया के कलाकार शंभू राजा परमार फिल्म में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो इससे पहले भी कई प्रोजेक्ट्स में अपनी अभिनय क्षमता साबित कर चुके हैं।

गौरतलब है कि दतिया इससे पहले भी कई फिल्मों की शूटिंग का गवाह बन चुका है। दतिया किला परिसर और रामलला असनई क्षेत्र में प्रकाश झा की ‘जनादेश’ और राज कुंद्रा की ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ जैसी फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। लगातार बढ़ रही फिल्म गतिविधियों से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को नए अवसर मिल रहे हैं, जिससे क्षेत्र में फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा मिल रहा है।

शूटिंग के दौरान बड़ौनी थाना प्रभारी दिनेश राजपूत भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने टीम को लोकेशन की जानकारी देने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई, जिससे शूटिंग सुचारु रूप से चल सके।

दतिया में बढ़ती फिल्म शूटिंग से न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि यह स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और पहचान का नया मंच भी साबित हो रहा है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment