बुगरासी : 1 / मई / 2026 : बुगरासी क्षेत्र में गुरुवार सुबह से तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे मौसम के खराब होने की आशंका बढ़ गई। शाम करीब चार बजे अचानक गड़गड़ाहट के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिसके बाद मौसम पूरी तरह बदल गया।

मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में अभी भी कुछ किसानों की फसल खेतों में खुले आसमान के नीचे पड़ी हुई है, जो बारिश और तेज हवाओं के कारण खराब होने की कगार पर है। वहीं कई किसानों ने गेहूं की कटाई तो कर ली है, लेकिन भूसा अभी भी खेतों में ही पड़ा है, जो तेज हवाओं में उड़ रहा है और बारिश में भीगकर खराब होने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि यदि भूसा भीग गया तो उन्हें भविष्य में पशुओं के चारे के लिए महंगे दामों पर खरीदना पड़ेगा, जिससे आर्थिक नुकसान बढ़ेगा। मौसम की इस मार से किसान खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं और पूरी स्थिति भगवान भरोसे छोड़ने को मजबूर हैं।
अचानक बदले मौसम ने एक बार फिर किसानों की मेहनत और उम्मीदों पर संकट खड़ा कर दिया है।

![]()
