धर्म, सेवा और संगीत का संगम: ‘मधुर गीतों भरी शाम’ ने बांधा समां

नई दिल्ली : 6 / मई / 2026 :  राजधानी दिल्ली के लोदी रोड स्थित श्री सत्य साईं ऑडिटोरियम में रविवार शाम धर्म, समाज सेवा और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। वीरलेश संसार (पंजी.) गौरी गंगा गऊ धर्मधाम वृद्ध अनाथ आश्रम के तत्वावधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम ‘मधुर गीतों भरी शाम’ में करीब 800 से अधिक लोगों ने भाग लिया और देर रात तक मधुर गीतों का आनंद उठाया।

कार्यक्रम केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा के प्रति जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम भी बना। उपस्थित अतिथियों ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई हस्तियों को ‘महाराजा अग्रसेन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित लोगों में कारगिल युद्ध के वीर योद्धा कैप्टन अवनीश सक्सेना, उनके परिवार के प्रतिनिधि सदस्य, आरके पुरम निवासी समाजसेवी सुनील कपूर सहित अन्य प्रमुख नाम शामिल रहे। सभी सम्मानित अतिथियों का जोरदार तालियों से स्वागत किया गया।

संस्था के संस्थापक अरविंद सक्सेना ने अपने संबोधन में बताया कि लगभग चार दशक पहले उन्होंने जरूरतमंदों के जीवन में आशा की किरण लाने का सपना देखा था, जो आज साकार होता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था वृद्धजनों, अनाथ बच्चों और बेसहारा लोगों की सेवा में निरंतर कार्यरत है।

उन्होंने जानकारी दी कि संस्था द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों की देखभाल की जा रही है और अनाथ बच्चों के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। साथ ही नवंबर 2024 से गौशाला का संचालन भी शुरू किया गया है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों को केवल सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और संस्कारित जीवन की ओर अग्रसर करना है।

कार्यक्रम में संगीत प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। गायकों ने पुराने सदाबहार गीतों से लेकर नए दौर के लोकप्रिय गीतों तक शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया।

आयोजन की सफलता में प्रदीप गुप्ता, ओमप्रकाश, मोहन गोयल, मोहन गर्ग, रमन कुमार गर्ग, दीपकपाल गुप्ता, प्रेम प्रकाश और मनीषा सिंह सहित कई सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समापन पर आयोजकों ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और सकारात्मक बदलाव का संदेश देने वाला एक सशक्त अभियान है। इस आयोजन ने साबित किया कि जब संगीत, सेवा और सामाजिक सरोकार एक मंच पर आते हैं, तो समाज में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होता है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment