राधा नाम के जयघोष से गूंजा जहांगीराबाद, चौथी प्रभात फेरी में उमड़ा भक्तों का सैलाब

जहांगीराबाद : 7 / जून / 2026 :  पुरुषोत्तम मास के चौथे रविवार को नगर में निकाली गई चतुर्थ प्रभात फेरी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बन गई। “जिसे जपने से मिल जाए नंदलाल, मुझे ला दो भजन वाली वही माला” जैसे भजनों पर भक्त झूम उठे और पूरा वातावरण राधा-कृष्ण की भक्ति में सराबोर हो गया।

प्रभात फेरी का शुभारंभ बिजली घर स्थित श्री सिद्धेश्वर मंदिर से समाजसेवी विजय गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। फेरी सिद्धेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर कैलाशपुरी, गायत्री नगर, टीचर्स कॉलोनी और सरदार गंज से होते हुए नन्ना गिरी मंदिर पहुंची, जहां सामूहिक आरती के साथ इसका समापन हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का भव्य स्वागत किया।

समापन के बाद कैलाशपुरी निवासी राकेश ओझा के आवास पर भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान खुर्जा से पहुंचे ध्रुव लाड़ला सहित विक्की गोयल, सुमित गोयल, शिवम सोनी और अंकुर बंसल ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे।

आयोजकों के अनुसार, प्रभात फेरी में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा नगर राधामय हो उठा। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास की अंतिम प्रभात फेरी 16 जून की शाम लक्ष्मीनारायण मंदिर से निकाली जाएगी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में माधुरी वार्ष्णेय, मोनिका वार्ष्णेय, धीरज बंसल, मनोज गुप्ता, हेमंत सिंघल, संजय गर्ग, नितीश वर्मा, रामगोपाल बंसल, लटूर सिंह, सौरभ अग्रवाल, रवि कौशिक, जयभगवान गुप्ता, सरिता शर्मा, अंतिम शर्मा, डोरिस शर्मा, लव शर्मा, शोभित गुप्ता, प्रियंक गोयल, सुमित वार्ष्णेय, लकी शर्मा, नैना बंसल सहित अनेक श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment