बीएसए पर भ्रष्टाचार और शिक्षकों के उत्पीड़न के आरोप, भारत मुक्ति मोर्चा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

बस्ती : 20 / जून / 2026 :  जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनूप कुमार के विरुद्ध भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, वित्तीय अनियमितताओं तथा शिक्षकों के उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए भारत मुक्ति मोर्चा ने जिलाधिकारी को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है।

भारत मुक्ति मोर्चा के पूर्वांचल जोन प्रभारी आर.के. आरतियन द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि बेसिक शिक्षा विभाग में विभिन्न योजनाओं के तहत शासन से प्राप्त धनराशि के उपयोग में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की जा रही हैं। शिकायत में कहा गया है कि परिषदीय विद्यालयों, पीएम श्री विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के लिए आवंटित धनराशि के खर्च में कथित तौर पर कमीशनखोरी की जा रही है तथा कुछ चुनिंदा फर्मों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों पर विशेष फर्मों से सामग्री खरीदने का दबाव बनाया जाता है। ऐसा न करने पर जांच, निलंबन और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई का भय दिखाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत में विद्यालय निर्माण, मरम्मत कार्य, बाला पेंटिंग, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, खेल सामग्री और अन्य खरीद प्रक्रियाओं में वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग की गई है। साथ ही गुणवत्ता विहीन सामग्री की आपूर्ति और कुछ फर्मों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

इसके अलावा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों, संविदा कर्मियों तथा अन्य पदों पर नियुक्तियों में कथित धन उगाही और चयन प्रक्रियाओं में अनियमितताओं की जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने बीएसए समेत संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और कथित रूप से जुड़े लोगों की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों तथा आय के स्रोतों की भी जांच कराने की मांग उठाई है।

भारत मुक्ति मोर्चा ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि जांच पूरी होने तक बीएसए को वर्तमान पद से हटाकर अन्यत्र संबद्ध किया जाए, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।

हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान राम सुमेर यादव, दीपक आर्य, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद अजीम, चंद्र प्रकाश गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment