प्रयागराज : 6 / जुलाई / 2026 : इलाहाबाद हाईकोर्ट में सोमवार को ताजमहल के सर्वे की मांग से जुड़ी याचिका पर सुनवाई होगी। न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की एकल पीठ इस मामले पर सुनवाई करेगी।
याचिका भगवान श्री अग्रेश्वर महादेव नागनाथेश्वर विराजमान तेजो महालय मंदिर और अन्य की ओर से दायर की गई है। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि ताजमहल मूल रूप से तेजो महालय नाम का प्राचीन शिव मंदिर था। उन्होंने अदालत से इसे हिंदू मंदिर के रूप में मान्यता देने, श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना की अनुमति देने तथा स्मारक के बंद हिस्सों का अदालत की निगरानी में सर्वे कराने की मांग की है।

यह मामला वर्ष 2015 में आगरा की दीवानी अदालत में दायर मूल वाद से जुड़ा है। वर्ष 2019 में ट्रायल कोर्ट ने सर्वे के लिए अधिवक्ता आयुक्त नियुक्त करने की मांग खारिज कर दी थी। इसके बाद दायर पुनरीक्षण याचिका भी अतिरिक्त जिला न्यायाधीश ने सुनवाई योग्य नहीं मानते हुए निरस्त कर दी थी।
निचली अदालतों से राहत नहीं मिलने के बाद याचिकाकर्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया। अब इस मामले में हाईकोर्ट की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
![]()
