खुर्जा, बुलंदशहर : 10 / जुलाई / 2026 : खुर्जा शहर के मोहल्ला बुर्ज उस्मान में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। घर की छत पर पतंग उड़ाते समय हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से एक मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। उसे बचाने के लिए दौड़े उसके बुजुर्ग दादा भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दादा की मौत हो गई, जबकि घायल बच्चे का उपचार हायर सेंटर में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चा छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान पतंग पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में उलझ गई। पतंग छुड़ाने के प्रयास में उसने लोहे की रॉड का सहारा लिया। जैसे ही रॉड बिजली के तार से टकराई, तेज करंट फैल गया और बच्चा गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़ा।
मासूम की आवाज सुनकर उसके दादा बिना देर किए उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।
पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल किसी प्रकार की लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
![]()
