दादरी स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत

दादरी/गौतमबुद्धनगर : 11 / जुलाई / 2026 :  दादरी रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जीआरपी दादरी चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि उप स्टेशन अधीक्षक कार्यालय दादरी से सूचना मिली कि दादरी स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची तो ट्रैक किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला, जिसका सिर धड़ से अलग था।

शव की तलाशी लेने पर जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान राजेन्द्र सिंह (49) पुत्र मलखान सिंह, निवासी ग्राम सुथियाना, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई। साथ ही एक पर्ची पर मिले मोबाइल नंबरों के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। मृतक के पुत्र लकी पाल को घटना की सूचना दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

रात्रि होने के कारण पंचनामा की कार्रवाई रविवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया।
जीआरपी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment