Home » बुलंदशहर » शादी का दबाव व प्रताड़ित से युवती ने पिया तेजाब, इलाज के दौरान मौत

शादी का दबाव व प्रताड़ित से युवती ने पिया तेजाब, इलाज के दौरान मौत

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद। नगर के मोहल्ला बंशीधर में एक युवती की तेजाब पीने के करीब डेढ़ माह बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर लंबे समय से शादी का दबाव बनाने और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना हैं कि जहां भी युवती के रिश्ते की बात चला करती थी, आरोपी युवक वहां से रिश्ता तुड़वा दिया करता था। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बंशीधर निवासी युवती सूट-कढ़ाई का कार्य करती थी। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक काफी समय से उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह लगातार उसे मानसिक रूप से परेशान करता था। इसी प्रताड़ना से आहत होकर युवती ने 28 मई को ईद-उल-अजहा के दिन तेजाब पी लिया था।
तेजाब पीने के बाद परिजन उसे तत्काल मेरठ के एक निजी ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अब शनिवार देर रात उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव देर रात घर पहुंचा और रविवार सुबह गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।

मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि आरोपी युवक लंबे समय से उसकी बहन पर शादी का दबाव बना रहा था और लगातार मानसिक प्रताड़ना दे रहा था। तहरीर में यह भी कहा गया है कि मौत से पहले युवती ने अपने परिजनों को बताया था कि आरोपी की प्रताड़ना और शादी के लिए लगातार बनाए जा रहे दबाव से परेशान होकर उसने तेजाब पिया था।

परिजनों का यह भी कहना है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद को समाप्त कराने के लिए कई बार पंचायतें हुईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। उन्होंने बताया कि मृतका अंसारी बिरादरी से थी, जबकि आरोपी कुरैशी बिरादरी का है।
कस्बा चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment

Latest Video

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This