नई दिल्ली : 13 / जुलाई / 2026 : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को मंगलवार को उपराष्ट्रपति भवन में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) तथा सैनिक स्कूलों की प्रगति और विस्तार योजना पर विस्तृत जानकारी दी।
प्रस्तुतीकरण में लगभग 20 लाख कैडेटों वाले एनसीसी के विकास, प्रशिक्षण व्यवस्था, राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका तथा सैनिक स्कूलों के संचालन, विस्तार और देशभर में उनके नेटवर्क को मजबूत करने की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
उपराष्ट्रपति ने राष्ट्र निर्माण में एनसीसी की भूमिका की सराहना करते हुए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ शिविरों को राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने की प्रभावी पहल बताया। उन्होंने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’, ‘स्वच्छ भारत अभियान’ सहित एनसीसी की सामुदायिक सेवा गतिविधियों की प्रशंसा की और एनसीसी पूर्व छात्र संघ की स्थापना का भी स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि एनसीसी को और अधिक सशक्त बनाना एक साझा राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। इसके लिए राज्यों के साथ बेहतर समन्वय, प्रशिक्षण एवं बुनियादी ढांचे के विकास और आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने इस दिशा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
सैनिक स्कूलों की समीक्षा के दौरान उपराष्ट्रपति ने छात्रों और अभिभावकों के बीच बढ़ती मांग को देखते हुए सुझाव दिया कि प्रत्येक राज्य में 3 से 5 सैनिक स्कूल स्थापित करने का लक्ष्य रखा जाए। साथ ही उन्होंने मौजूदा सैनिक स्कूलों की प्रवेश क्षमता बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार करने की बात कही।
![]()
