कोलकाता : 13 / जुलाई / 2026 : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 और 14 जुलाई को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा करेंगे तथा किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे।
दौरे के पहले दिन केंद्रीय मंत्री कोलकाता पहुंचने के बाद वरिष्ठ राज्य नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे। बैठक में खेती, किसानों के कल्याण, ग्रामीण सड़क, आवास और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

14 जुलाई को कोलकाता के नए सचिवालय भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), विकसित भारत–जी राम जी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण आवास योजना तथा पंचायतों को मिलने वाले केंद्रीय फंड सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और आगे की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श होगा।
दोपहर बाद केंद्रीय मंत्री बैरकपुर स्थित आईसीएआर–सीआरआईजैफ (केंद्रीय पटसन एवं समवर्गीय रेशा अनुसंधान संस्थान) का दौरा करेंगे। यहां वह जूट किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान जूट उत्पादन, लागत, रोग-कीट नियंत्रण, रेटिंग, विपणन और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी।
संस्थान के वैज्ञानिक जूट की उन्नत किस्मों, आधुनिक तकनीकों, जल संरक्षण और वैल्यू एडिशन की जानकारी देंगे। वहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जूट आधारित उत्पादों के जरिए स्वरोजगार और आय बढ़ाने के अवसरों से भी अवगत कराया जाएगा।
![]()
