Home » उत्तर प्रदेश » अयोध्या पुलिस का खुलासा: प्रेम संबंध और जमीन विवाद बना हत्या की वजह

अयोध्या पुलिस का खुलासा: प्रेम संबंध और जमीन विवाद बना हत्या की वजह

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

अयोध्या : 16 / जुलाई / 2026 :  रुदौली कोतवाली क्षेत्र में कूढ़ा सादात मार्ग पर मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार मृतक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर जमीन के विवाद को लेकर कराई थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि 12 जुलाई को कूढ़ा सादात के पास लिंक रोड किनारे एक अज्ञात शव मिला था। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद शव की पहचान बाराबंकी जनपद के असन्द्रा थाना क्षेत्र स्थित पूरे ठोड़ी मजरे पैगम्बरपुर निवासी 48 वर्षीय देवेन्द्र कुमार वर्मा के रूप में हुई।

एसएसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। अभियान त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। विवेचना में सामने आया कि मृतक की पत्नी शुभांगिनी वर्मा का पति की जमीन अपने नाम कराने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान उसका विपिन वर्मा निवासी सराय पुरखू, थाना कोठी (बाराबंकी) से प्रेम संबंध था।

पुलिस के अनुसार 11 जुलाई को विपिन वर्मा मृतक को अयोध्या घुमाने के बहाने घर से अपने साथ ले गया। रास्ते में सुनसान स्थान पर हथौड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।पुलिस ने शुभांगिनी वर्मा (27) और विपिन वर्मा (27) को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद कर ली है।

दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।एसएसपी ने बताया कि इस सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, उपनिरीक्षक युवराज सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक, हेड कांस्टेबल संजीव सिंह, हेड कांस्टेबल गौरीशंकर पटेल, कांस्टेबल दुर्गा प्रसाद यादव तथा कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment