सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 17 / जुलाई / 2026 : गोरखपुर जनपद के कंपियरगंज विकास खंड में पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपा। पंचायत सहायक संघ के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में समय पर मानदेय भुगतान सहित कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने मांग की कि उनका मानदेय न्यूनतम कुशल मजदूरी से अधिक निर्धारित किया जाए तथा प्रत्येक माह समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान, बीएलएस रिन्यूअल एवं वॉलेट रिचार्ज की धनराशि उपलब्ध कराने, पंचायत भवनों पर इंटरनेट और स्टेशनरी की सुविधा देने तथा विभागीय कार्यों के लिए स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

इसके अलावा क्राफ्ट सर्वे का लंबित पारिश्रमिक, पूर्व में बनाए गए आयुष्मान कार्डों का बकाया भुगतान, ई-ग्राम स्वराज प्रशिक्षण एवं अन्य प्रशिक्षणों के यात्रा भत्ते का भुगतान कराने की मांग भी उठाई गई। पंचायत सहायकों ने यह भी कहा कि उनसे पंचायती राज विभाग के अलावा अन्य विभागों के कार्य भी कराए जाते हैं, जबकि उन्हें केवल अपने विभाग का कार्य ही सौंपा जाना चाहिए।
कुछ महिला पंचायत सहायकों ने आरोप लगाया कि उनका मानदेय पिछले छह महीने से लेकर एक वर्ष तक लंबित है। उनका कहना था कि समय पर भुगतान न मिलने से आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और इससे कार्य करने में भी परेशानी हो रही है।

पंचायत सहायकों ने प्रशासन से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन मांगों के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है और पंचायत सहायकों को कब तक राहत मिलती है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









