नोएडा : 18 / जुलाई / 2026 : एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविज़न (एएएफटी), नोएडा के सभागार में भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी पर आधारित चर्चित उपन्यास ’81 माइल्स, ए ट्रू अनटोल्ड स्टोरी’ का प्रभावशाली एकल रंगमंचीय मंचन किया गया। अद्विक पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित इस उपन्यास को लेखक, निर्देशक एवं अभिनेता नवीन कुमार भास्कर ने अपने दमदार सोलो अभिनय से मंच पर जीवंत कर दिया।

करीब एक घंटे तक चले इस मंचन में नवीन कुमार भास्कर ने अकेले ही विभिन्न पात्रों की भावनाओं, संघर्ष, विस्थापन और बिछड़ते रिश्तों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति ने भारत-पाक विभाजन के दर्द, सांप्रदायिक विद्वेष और मानवीय संवेदनाओं को दर्शकों के सामने सजीव रूप में रखा। कई मार्मिक दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया और पूरा सभागार लंबे समय तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संदीप मारवाह ने कहा कि साहित्य और रंगमंच समाज का संवेदनशील दर्पण हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रस्तुतियाँ नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने के साथ-साथ मानवता, शांति और सद्भाव का संदेश भी देती हैं।

इस अवसर पर अद्विक पब्लिकेशन के संस्थापक अशोक गुप्ता, किआन फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शालिनी अगम, लक्ष्मी शंकर बाजपेई, सुभाष चंदर, वंदना यादव, ओमप्रकाश प्रजापति, देवेन्द्र शर्मा, आलोक यात्री, शिवराज सिंह, शकील अहमद सहित साहित्य, पत्रकारिता, रंगमंच और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभागार में साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों, रंगकर्मियों और कला-संस्कृति से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही। वक्ताओं ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को केवल इतिहास नहीं, बल्कि मानवता के लिए एक सीख के रूप में याद रखा जाना चाहिए।

यह मंचन केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि इतिहास, साहित्य और रंगमंच का ऐसा सशक्त संगम साबित हुआ जिसने शांति, सद्भाव और मानवीय एकता का संदेश प्रभावी ढंग से दर्शकों तक पहुँचाया।
![]()
