सुनील पाठक , गोरखपुर
अयोध्या : 18 / जुलाई / 2026 : अयोध्या जिले में माह के तीसरे बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों ने यूरिया खाद की किल्लत, ओवररेटिंग, स्मार्ट मीटर और फसलों को हुए नुकसान समेत कई अहम समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के.के. सिंह ने की।
बैठक के दौरान किसान नेता घनश्याम वर्मा ने आरोप लगाया कि फुटकर दुकानदार निर्धारित मूल्य 266.50 रुपये प्रति बोरी पर यूरिया उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। उनका कहना था कि थोक स्तर पर ही अधिक कीमत वसूले जाने के कारण किसानों को निर्धारित दर पर खाद नहीं मिल पा रही है। इस पर सीडीओ ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि पांच दिनों के भीतर खाद कंपनियों, थोक विक्रेताओं और भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

किसान राम गणेश मौर्य ने जले हुए बिजली मीटर बदलने और विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं का मुद्दा उठाया। इस पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। किसानों ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करते हुए अतिरिक्त शुल्क देने से साफ इनकार कर दिया।
किसान नेता फरीद अहमद ने आरोप लगाया कि 10 जुलाई को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान कई किसानों के खेतों में गिट्टी और बालू डाल दिए गए, जिससे खेती योग्य भूमि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से खेतों को दोबारा खेती योग्य बनाने की मांग की।
इसके अलावा बैठक में छुट्टा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, नहरों और ग्रामीण सड़कों की पटरियों की सफाई तथा 84 कोसी परिक्रमा मार्ग क्षेत्र में नदियों, तालाबों और ग्राम समाज की भूमि की अवैध खुदाई रोकने जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।
किसान दिवस में संतोष वर्मा, विवेक पटेल, विकास वर्मा, रविंद्र मौर्य, उर्मिला निषाद, मुन्ना कनौजिया, देवी प्रसाद वर्मा, जगदीश यादव, मस्तराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
![]()
