Home » उत्तर प्रदेश » दिव्यांगों को सहायता नहीं, अधिकारों की जरूरत: कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी

दिव्यांगों को सहायता नहीं, अधिकारों की जरूरत: कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद :21 / जुलाई / 2026 :   राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वीर चक्र से सम्मानित कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने दिव्यांगजनों के अधिकारों और सम्मान को लेकर कहा कि किसी भी देश की वास्तविक पहचान केवल उसकी आर्थिक स्थिति या जीडीपी से नहीं होती, बल्कि इस बात से होती है कि वहां शहीदों और दिव्यांगजनों के साथ कितना सम्मानजनक व्यवहार किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिव्यांग व्यक्ति समाज और देश की महत्वपूर्ण धरोहर है। दिव्यांगता को कमजोरी के रूप में देखने के बजाय उनकी क्षमताओं और प्रतिभाओं को पहचानने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सैनिक संस्था में दिव्यांग विंग भी कार्यरत है और मौजूदा कानूनों के तहत दिव्यांगजनों को केवल सहानुभूति या मदद नहीं, बल्कि उनके अधिकार सुनिश्चित किए जाने चाहिए।

राष्ट्रीय सैनिक संस्था के दिव्यांग विंग के राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्ल्ड योग चैंपियन एडवोकेट तेजस्वी शर्मा ने कहा कि वर्ष 2016 के दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के तहत स्कूलों के पाठ्यक्रम में दिव्यांगता से संबंधित अध्याय शामिल किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि बच्चों को दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए इस विषय को शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

संस्था की गाजियाबाद इकाई की दिव्यांग विंग जिला अध्यक्ष नमिता भल्ला ने दिव्यांगता पेंशन की राशि बढ़ाने और पूरे देश में इसे समान करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में पेंशन की राशि अलग है, जिसे एक समान कर कम से कम 10 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाना चाहिए। उन्होंने दिव्यांगता पेंशन के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को भी सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की।

गाजियाबाद इकाई के जिला अध्यक्ष गौरव सेनानी ज्ञान सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सरकारी सहायता देने के बजाय उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अधिकार भी मिलना चाहिए। उन्होंने नगर पालिका, नगर निगम और विधानसभा में दिव्यांगजनों के लिए सीट आरक्षित किए जाने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दिव्यांगजनों से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया। इनमें दिव्यांगता पेंशन को पूरे देश में समान कर न्यूनतम 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने, प्रत्येक स्कूल के पाठ्यक्रम में दिव्यांगता पर एक अध्याय शामिल करने तथा नगर पालिका, नगर निगम और विधानसभा में दिव्यांगजनों के लिए प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही।

इस अवसर पर नमिता भल्ला, गौरव सेनानी ओमपाल सिंह, जिला सिंह तेवतिया, गौरव सेनानी वेद प्रकाश शर्मा, गौरव सेनानी गणेश दत्त, गौरव सेनानी चंदन सिंह, संध्या त्यागी, राज शर्मा, कमांडर वीके शर्मा, भारती शर्मा, अंजू शर्मा, सीमा कुशवाह, पुष्कर सिंह बिष्ट और स्वाति बंसल सहित संस्था के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment