बुलंदशहर : 17 / अगस्त / 2026 : चोला थाना क्षेत्र के गांव बीरोड़ी ताजपुर में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा तमंचे से फायर करने और तमंचे की बट से एक युवक को घायल करने का भी आरोप है।

गांव निवासी अनीश पुत्र इदरीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान चार-पांच लोग तमंचे लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने घर में मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट और छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचे से फायर कर दिया और तमंचे की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर 112 पुलिस और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल अनीश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि घटना का कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह शाही ने बताया कि घायल को रात में ही उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया था। तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










