गाजियाबाद : 26 / अगस्त / 2026 : उप्र चारा विकास नीति 2024-29 के तहत किसानों को चारा उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नेपियर घास योजना के अंतर्गत जनपद के 15 किसानों का चयन किया गया है। प्रत्येक चयनित किसान को 6,000 नेपियर रूट्स उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें लगभग 0.2 हेक्टेयर भूमि में लगाया जाएगा।
नेपियर घास एक बार रोपण के बाद करीब पांच वर्ष या उससे अधिक समय तक वर्षभर हरा चारा उपलब्ध कराती है, जिससे किसानों को बार-बार रोपण की आवश्यकता नहीं होगी। 25 अगस्त को मुख्य विकास अधिकारी, गाजियाबाद की अध्यक्षता में दूरभाष माध्यम से चयनित किसानों की बैठक हुई।

इसमें संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उप निदेशक कृषि और परियोजना निदेशक मनरेगा ने भाग लिया। योजना के तहत ग्राम फफराना से सतवीर सिंह एवं विकास, सारा से नीरज त्यागी, युसूफपुर से सीमा, शाहजहांपुर से अजय कुमार राठी, कंवरपाल एवं सहंसर पाल, ललितपुर से वीरेंद्र, अलीपुर से नरेश, पुथरी से योगेंद्र सिंह, भोजपुरियान से सुनील, बड़का आरिफपुर से विनोद कुमार, जावली से मुकेश, औरंगाबाद से बिजेंद्र सिंह और खुर्रमपुर से संजीव कुमार का चयन किया गया है।
किसानों को रोपण से पहले खेत की जुताई, समतलीकरण और सिंचाई की व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए गए। खेत की तैयारी के लिए प्रत्येक लाभार्थी को 2,000 रुपये की धनराशि सीधे बैंक खाते में दी जा रही है। रोपण के बाद खाद डालने और सिंचाई के लिए भी प्रत्येक लाभार्थी को 2,000 रुपये की धनराशि सीधे बैंक खाते में उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तहत तैयार चारे का उपयोग किसान अपने पशुओं के भरण-पोषण में करेंगे।
योजना को आगे बढ़ाने के लिए अगले वर्ष लाभार्थियों से उत्पादित नेपियर रूट्स की दोगुनी मात्रा लेकर नए किसानों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। इससे अधिक किसानों और पशुपालकों को योजना का लाभ मिल सकेगा। नेपियर घास की खेती से वर्षभर पौष्टिक हरे चारे की उपलब्धता बढ़ने, पशुओं के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन में सुधार तथा किसानों की चारा लागत कम करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने किसानों से खेत की तैयारी समय से पूरी कर योजना का अधिकतम लाभ उठाने और उत्पादित चारे का उपयोग पशुओं के संतुलित एवं पौष्टिक आहार के रूप में करने की अपील की
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










