Home » गोरखपुर » सरस्वती गुरुकुल स्कूल पहुंचे वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, बोले—गिरना गलत नहीं, गिरकर न उठना गलत है

सरस्वती गुरुकुल स्कूल पहुंचे वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, बोले—गिरना गलत नहीं, गिरकर न उठना गलत है

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

गोरखपुर  : 28 / अगस्त / 2026 :   वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह शनिवार को विकासखंड क्षेत्र के माथाबारी स्थित सरस्वती गुरुकुल स्कूल पहुंचे। सुबह करीब 10:30 बजे विद्यालय पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया। वायु सेना प्रमुख के आगमन को लेकर विद्यालय परिसर में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और विद्यार्थी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथि का स्वागत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की वायु सेना प्रमुख ने सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और असफलताओं से सीख लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अक्सर हम इस बात से डरते हैं कि यदि गिर गए या असफल हो गए तो क्या होगा। जबकि गिरना गलत नहीं है, लेकिन गिरकर दोबारा न उठना गलत है। इसी तरह सफल होना गलत नहीं है, लेकिन सफलता के लिए प्रयास न करना गलत है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में हम कहां पहुंचे हैं, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हम आगे बढ़ रहे हैं या नहीं। गतिमान रहना जरूरी है, लेकिन केवल आगे बढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही दिशा में आगे बढ़ना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जीवन में साथ चलना जरूरी है, लेकिन साथ चलने के साथ सही दिशा का ज्ञान होना भी बेहद महत्वपूर्ण है।

वायु सेना प्रमुख ने विद्यार्थियों को अच्छे इंसान के साथ-साथ जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना भी है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन का एक लक्ष्य तय करके उसी दिशा में निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिचय देते समय केवल अपने नाम और उपनाम तक सीमित रहने के बजाय अपने लक्ष्य को भी अपनी पहचान का हिस्सा बनाना चाहिए।

उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई विद्यार्थी भविष्य में आईएएस अधिकारी बनना चाहता है तो वह अपने नाम के साथ अपने लक्ष्य को जोड़कर खुद को पहचान सकता है।

एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने संजय श्रीनेत की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि नाम और लक्ष्य के बीच एक अच्छे इंसान की पहचान भी होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि जीवन में बड़ा पद हासिल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी एक अच्छा इंसान बनना है।

वायु सेना प्रमुख के प्रेरणादायक संबोधन और अधिकारियों के साथ विद्यार्थियों के संवाद से विद्यालय का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भर गया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक संवाद में हिस्सा लिया और अपने लक्ष्य के बारे में परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment