शिकारपुर : 31 / अगस्त / 2026 : विमुक्त जनजाति निषाद वंश की उपजातियों को अनुसूचित जाति (एससी) की सूची में शामिल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर एसडीएम और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से निषाद समाज की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से निषाद वंश की उपजातियों केवट, मल्लाह, निषाद, बिंद, मंझवार, कश्यप, तुरैहा, माझी और रैकवार को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि 1931 की जनगणना के अनुसार उक्त जातियां निषाद वंश की पर्यायवाची जातियां हैं।

पदाधिकारियों ने कहा कि अंग्रेजी शासन के दौरान क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट, 1871 के तहत इन समुदायों को जन्मजात अपराधी घोषित किया गया था। भारत सरकार ने 31 अगस्त 1952 को इस कानून को समाप्त कर इन समुदायों को विमुक्त जनजाति (De-Notified Tribe-DNT) का दर्जा दिया। इसी वजह से समाज द्वारा 31 अगस्त को विमुक्ति दिवस के रूप में मनाया जाता है।
निषाद पार्टी ने ज्ञापन में कहा कि अलग-अलग राज्यों में निषाद वंश की जातियों को लेकर आरक्षण की स्थिति अलग है। प्रतिनिधियों ने मांग की कि उत्तर प्रदेश में भी निषाद वंश की सभी उपजातियों को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल कर आरक्षण की विसंगति दूर की जाए।
इसके साथ ही जातिगत जनगणना के दौरान निषाद वंश की सभी पर्यायवाची जातियों को मंझवार के कॉलम में दर्ज करने तथा ब्रैकेट में डीटी (विमुक्त जनजाति) अंकित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में संविधान समीक्षा आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष न्यायमूर्ति वेंकटचलैया की सिफारिशों का हवाला देते हुए महाराष्ट्र और पंजाब की तर्ज पर विमुक्त जनजातियों को शिक्षा, सरकारी नौकरियों और राजनीति में आरक्षण देने के साथ पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
वहीं, 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में निषाद वंश के शहीद हुए वीरों के गांवों को आदर्श शहीद गांव घोषित करने तथा उनके परिवारों को स्वतंत्रता सेनानी परिवार का सम्मान देने की मांग भी प्रतिनिधियों ने रखी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष, जिला कोषाध्यक्ष योगेंद्र कश्यप, ब्रजू कश्यप, डॉ. महेश कुमार कश्यप, अरविंद चौधरी, कुलदीप चौधरी, प्रेम चंद्र, लखमी सिंह, हरीश कश्यप, धर्मेंद्र कश्यप, नरेश कश्यप, मनोज कश्यप और कमल सिंह सहित बड़ी संख्या में निषाद पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










