खुर्जा : 3 / सितम्बर / 2026 : महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल, खुर्जा में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा और मीरा का रूप धारण कर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद भारतीय परंपरा के अनुसार गणेश वंदना, कृष्ण जन्म और भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियां विद्यार्थियों ने पेश कीं।
कार्यक्रम में कक्षा प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। राधा-कृष्ण और मीरा के स्वरूप में सजे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं।

विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार बंसल, उपाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल, प्रबंधक कपिल अग्रवाल, उपप्रबंधक सचिन बंसल और कोषाध्यक्ष डॉ. वकुल तायल सहित अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा बच्चों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र मित्तल एवं मुख्य अध्यापिका सीमा गोयल ने प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









