Home » बुलंदशहर » कई साल से पति-पत्नी में चल रहा विवाद, मुकदमा विचाराधीन होने से तलाक नहीं मिलने की बात से था परेशान

कई साल से पति-पत्नी में चल रहा विवाद, मुकदमा विचाराधीन होने से तलाक नहीं मिलने की बात से था परेशान

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद : 3 / सितम्बर / 2026 :  पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक बुधवार देर रात गांव रिवाड़ा जंगल में 400 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। बाद में पुलिस ने अलीगढ़ क्षेत्र में रहने वाले उसके ससुरालियों को मौके पर बुलाया। ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उसकी मांग पूरी कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरा।

जानकारी के अनुसार, जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव रिवाड़ा निवासी वाजिद (जावेद) पुत्र साकिर का पत्नी से पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि पत्नी की ओर से पति के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद दोनों साथ रह रहे थे। युवक पत्नी से तलाक लेना चाहता है, लेकिन मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण तलाक नहीं हो पाने से वह परेशान था।

इसी विवाद को लेकर बुधवार रात युवक गांव के पास जंगल में स्थित 400 केवी हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने उसे टावर पर चढ़ते देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर जहांगीराबाद कोतवाली पुलिस भी पुलिस बल के साथ पहुंच गई।

पुलिस ने युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया और नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस के कहने पर अलीगढ़ क्षेत्र में रहने वाले युवक के ससुरालियों को मौके पर बुलाया गया। ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक से बातचीत कर उसकी तलाक की मांग को लेकर आश्वासन दिया, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गया।

सीओ भरत सोनकर ने बताया कि युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना देर रात से पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment