गाजियाबाद : 7 / सितम्बर / 2026 : शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन गाजियाबाद और नीव शक्ति संस्था के संयुक्त सहयोग से ‘शिक्षक सम्मान–बदलाव के सारथी’ सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विशेष बच्चों की शिक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए समर्पित विशेष शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने विशेष शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विशेष बच्चों को शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा देना समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य है। कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
समारोह में विभिन्न विशेष विद्यालयों और संस्थानों से चयनित आशीष कुमार मौर्य, रिंसे टी.जे., रामदास पाल, डॉ. शिवानी निरवाल, नीता नेवटो, हरि ओम, डॉ. विकास प्रसाद साह, शेखर यादव, मोहिनी बी. सैम्पसन, राजीव, गजानंद मेहरा और शिखा गुप्ता सहित अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया। नीव शक्ति संस्था की संस्थापक रिचा बल्लभ खुलबे ने कहा कि विशेष शिक्षक बच्चों के भीतर आत्मविश्वास जगाने के साथ उनके सपनों को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।

उनके प्रयासों से विशेष बच्चे शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की ओर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से यह सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाएगा, ताकि विशेष बच्चों के लिए समर्पित शिक्षकों के योगदान को सम्मान और पहचान मिल सके। समारोह में शिक्षकों के समर्पण और उनके योगदान की सराहना की गई। उपस्थित लोगों ने विशेष बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










