सुनील पाठक , गोरखपुर
महराजगंज : 13 / अक्टूबर / 2026 : भारत-नेपाल सीमा से सटे प्रमुख व्यापारिक कस्बे ठूठीबारी में सोमवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश की स्थानीय इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। व्यापारियों की बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन कर उन्हें संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
महराजगंज जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल की मौजूदगी में हुए गठन में कृषि व्यवसायी अजय कुमार जायसवाल को अध्यक्ष तथा आदित्य पटवा को महामंत्री मनोनीत किया गया। इसके अलावा अमित निगम, अंकित निगम और अग्निवेश वर्मा को उपाध्यक्ष, आत्मा कसौधन को कोषाध्यक्ष तथा दीपू निगम को मंत्री बनाया गया।

नई कार्यकारिणी में चंद्रशेखर निगम को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई। वहीं संदीप कुमार निगम और विप्लव मद्धेशिया को मीडिया प्रभारी बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में पिंटू कसौधन, उमेश रौनियार, विपिन कसौधन, बासुकी कसौधन, विजय कसौधन, अनूप जायसवाल और सज्जन लाल निगम का चयन किया गया।
नई टीम के गठन के बाद सभी पदाधिकारियों का व्यापारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बॉर्डर क्षेत्र में व्यापारियों के उत्पीड़न को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगा।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ठूठीबारी क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










