खुर्जा के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुई लीला
खुर्जा : 13 / अक्टूबर / 2026 : खुर्जा जंक्शन रोड स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी (रजि.) खुर्जा के तत्वावधान में चल रहे रामलीला महोत्सव 2026 में सोमवार को लक्ष्मण द्वारा शूर्पणखा के मान-मर्दन और प्रभु राम द्वारा खर-दूषण वध का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय के माध्यम से धर्म, मर्यादा और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया।
पंचवटी में शूर्पणखा के आगमन और उसके छल-कपट से जुड़े प्रसंग का मंचन देख दर्शक भाव-विभोर हो गए। शूर्पणखा की कुटिलता पर लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक-कान काटने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस प्रसंग के माध्यम से मर्यादा की रक्षा और अहंकार व कुटिलता के त्याग का संदेश दिया गया।
इसके बाद प्रतिशोध की भावना से चौदह हजार राक्षसों के साथ पहुंचे खर-दूषण के वध का दृश्य मंचित हुआ। प्रभु राम के बाणों से राक्षसों के संहार का ओजस्वी मंचन होते ही रामलीला मैदान जय श्री राम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। मंचन ने श्रद्धालुओं को अधर्म और अत्याचार के अंत तथा धर्म की स्थापना का संदेश दिया।
महाआरती के साथ हुआ समापन
लीला के समापन पर प्रभु राम, माता जानकी और लक्ष्मण की महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भक्ति संगीत और दिव्य रोशनी के बीच बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने प्रभु के चरणों में शीश नवाया।
कार्यक्रम के दौरान कमेटी के प्रधान आशीष गोयल, महामंत्री पुनीत साहनी विक्की, कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, जनरल मैनेजर दीपक गर्ग, कस्टोडियन अशोक कुमार टिम्मी, बड़ा इंचार्ज विकास वर्मा, प्रिंट मीडिया प्रभारी रविकांत भारद्वाज और सोशल मीडिया प्रभारी विनीत आर्य सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर संदीप मित्तल, राजीव वार्ष्णेय, डीसी गुप्ता कांटे वाले, वासुदेव शर्मा, अशोक पालीवाल, राम दिवाकर, संजय शर्मा, जीतू अग्रवाल, देवेंद्र आर्य, अंकित गर्ग, राजू रसिक, कृष्णा जौहरी, पवन गुप्ता, शुभम गुप्ता, वैभव जैन, यश गुप्ता अंशु, दीपांशु शर्मा, कैलाश वर्मा, प्रियांशु रुहेला, उमा शंकर अग्रवाल बिंदा वाले, विजय गुप्ता, संजय गुप्ता भगत जी, रवि अग्रवाल, हैप्पी वर्मा, विकास सोनी और आशुतोष गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










