Home » बुलंदशहर » अपहरण कर युवक की बेरहमी से पिटाई, आंख और पैर में गंभीर चोटें; मेरठ मेडिकल में भर्ती

अपहरण कर युवक की बेरहमी से पिटाई, आंख और पैर में गंभीर चोटें; मेरठ मेडिकल में भर्ती

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]
परिजनों ने तीन युवकों पर लगाया आरोप, गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

 

बुलंदशहर : 18 / अक्टूबर / 2026 :   अगौता थाना क्षेत्र के गांव अख्तियारपुर में एक युवक का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि कार सवार युवकों ने सागर राठी को अगवा कर उसकी आंख, सिर और पैर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। घायल युवक का मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

 

जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की देर शाम अख्तियारपुर निवासी सागर राठी बुलंदशहर से अपना मोबाइल ठीक कराकर गांव लौट रहा था। आरोप है कि मालागढ़ के पास गांव के ही कुछ कार सवार युवकों ने उसे अगवा कर लिया। इसके बाद उसे कोतवाली देहात क्षेत्र के ताजपुर अंडरपास पर ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। परिजनों के मुताबिक, मारपीट में उसकी आंख, सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसे आसिफाबाद-चंदपुरा के जंगल में छोड़ दिया और फरार हो गए।

राहगीर की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को गुलावठी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पीड़ित के परिजनों ने गांव के ही आकाश उर्फ अक्कू, गौरव और विपिन पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से हत्या से संबंधित मामले भी विचाराधीन हैं। उनका आरोप है कि कोतवाली देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें धमकियां दे रहे हैं।

पीड़ित के भाई अनुज राठी, ताई सुंदरी और पिता बिजेंदर सिंह ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि युवक के साथ हुई मारपीट की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले में आरोपियों की भूमिका और अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment