खुर्जा : 23 / अक्टूबर / 2026 : खुर्जा तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति का विभिन्न समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार के विरोध में धरना जारी है। संगठन ने तहसील प्रशासन पर मिलीभगत से सरकारी चकरोड, सरकारी भूमि और अनुसूचित जाति की भूमि से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं।
संगठन का आरोप है कि बिना आवश्यक अनुमति के बैनामा होने के बाद भी मोटी रकम लेकर दाखिल-खारिज किए गए। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

धरने के दौरान महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष ठाकुर संगीता सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अब महिलाएं भी एकजुट होकर आंदोलन करेंगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की मांग को लेकर महिला मोर्चा पूरी मजबूती से संघर्ष करेगा।
जिला अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र सिरोही ने तहसील की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि तहसील परिसर भ्रष्टाचार का मंदिर बन चुका है। विरोध दर्ज कराने के लिए कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर की दो परिक्रमा भी लगाईं।

प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा डॉ. मंजू शुक्ला ने ऐलान किया कि प्रतिदिन एक परिक्रमा बढ़ाते हुए खुर्जा तहसील परिसर की परिक्रमा की जाएगी। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को भ्रष्टाचार के विरोध में बड़ा हवन किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने धरने पर बैठे बुजुर्ग किसानों और महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि रात के समय धरने पर बैठे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी या सुरक्षा में चूक होती है तो इसकी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी।

राष्ट्रीय महासचिव युवा अशोक सोलंकी और जिला मुख्य सचिव नरेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु दत्त त्यागी पूरी टीम के साथ रात्रि में भी धरने पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक संगठन की ओर से उठाई गई सभी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरने में संगीता सिंह देशवाल, सोनाली सैनी, शबाना, नीलम चौधरी, मुन्नी देवी, नीतू शर्मा, पूजा जादौन, उषा चौधरी, पनवेश्वरी चौधरी, दीपक गुप्ता, डॉ. संदीप भाटी, भुट्टू प्रधान, राजेश उपाध्याय, नवाब भाई, दिनेश सोलंकी, चौधरी विक्रम सिंह और निर्देश चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









