बुलंदशहर : 9 / सितम्बर / 2025 : जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ में भारतीय सेना के जवान बुलंदशहर जिले के गांव पाली निवासी प्रभात गौड़ बलिदान हो गए। सैन्य अधिकारियों ने सोमवार सुबह इसकी सूचना बलिदानी के परिजनों को दी। मंगलवार को सेना का दल बलिदानी के पार्थिव शरीर को विशेष वाहन से लेकर उनके पैतृक गांव पहुंचेगा। जवान के बलिदान होने की सूचना से गांव में सन्नाटा पसरा है। क्षेत्र के गांव पाली आनंदगढ़ी निवासी 48 वर्षीय प्रभात गौड़ भारतीय सेना में जम्मू कश्मीर में तैनात थे। सोमवार सुबह जम्मू कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें सेना ने दो आतंकवादियों को मार गिराया। इसी दौरान प्रभात गौड़ आतंकियों की गोलीबारी में बलिदान हो गए। सैन्य अधिकारियों ने उनके परिजनों को यह सूचना दी। सूचना पर बलिदानी के पिता एसपी गौड़ और उनके भाई राजुल गौड़ सोमवार देर शाम परिवार के साथ गांव पहुंच गए। उनके घर पर गांव के लोगों का आना-जाना लगा हुआ था। परिजनों ने बताया कि प्रभात गौड़ हाईस्कूल पास करने के बाद भारतीय सेना में सन 1998 में भर्ती हुए थे। उनकी प्रथम तैनाती बैलोर में हुई थी। एक वर्ष पूर्व ही उनका तबादला जम्मू कश्मीर में हुआ था। वहां तैनाती के बाद उनका प्रमोशन जूनियर कमीशन ऑफिसर के पद पर हुआ था। उनकी पत्नी मनोरमा गौड़ हैं। बेटी 19 वर्षीय सोनिका बीकॉम कर रही हैं। बेटा 11 वर्षीय खुशहाल कक्षा 5 में पढ़ रहा है। वर्तमान समय में उनका परिवार जोधपुर में रहता है।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












