उत्तर प्रदेश : 3 / अक्टूबर / 2025 : बागपत जिले के बड़ौत में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक युवक की पहचान राजस्थान के जयपुर की एसडीएम दीविका तोमर के चचेरे भाई संयम तोमर निवासी महावतपुर बावली के रूप में हुई है। शव बृहस्पतिवार की सुबह जनता वैदिक डिग्री कॉलेज परिसर में डेयरी विभाग के पास पड़ा हुआ मिला। संयम के शरीर पर चोट के कई निशान भी मिले। इसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। सीओ विजय कुमार तोमर, कोतवाली प्रभारी ने शव को गड्ढे से निकालकर जांच की। जेब में मिले मोबाइल को चार्ज करने के बाद कॉल करने पर पता चला कि वह शव महावतपुर बावली गांव के संयम तोमर का है। बाद में उसके परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। रिश्तेदार विनोद खेड़ा ने बताया कि संयम उनके साले का बेटा है और संयम की ताऊ की बेटी दीविका तोमर जयपुर में एसडीएम हैं।भाई संचित ने बताया कि संयम 30 सितंबर को घर से दोस्तों के साथ हरिद्वार जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हुआ। बृहस्पतिवार सुबह पुलिसकर्मियों ने फोन कर जनता वैदिक कॉलेज में शव पड़ा होने की जानकारी दी। संयम के जनता वैदिक कॉलेज में जाने के बारे में भी परिजनों को कुछ नहीं पता। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने बताया कि संयम के हाथ में पट्टी बंधी हुई थी और उसके शरीर के कई हिस्से पर चोट के निशान थे। उधर, पोस्टमार्टम में चोट के निशान कई दिन पुराने मिले और मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है। एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने बताया कि बड़ौत के जनता वैदिक कॉलेज में युवक का शव पड़ा हुआ मिला। शव की पहचान करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया, उसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












