बुलंदशहर : 13 / अक्टूबर / 2025 : श्री श्याम संकीर्तन मंडल के तत्वावधान में नगर में भव्य चतुर्थ निशान यात्रा निकाली जाने की व्यवस्थाओं की तैयारियों हेतु एक बैठक रविवार देरशाम ओम फैमिली रेस्टोरेंट में संपन्न हुई। बैठक में 31 अक्टूबर को निकाली जाने वाली भव्य निशान यात्रा के संबंध में विचार विमर्श किया गया। बैठक में बताया गया कि श्री खाटू श्याम सरकार की असीम कृपा एवं श्री श्याम भक्तों के अपार उत्साह के मध्य श्री श्याम संकीर्तन मंडल द्वारा “बाबा श्याम जी के जन्मोत्सव के मंगल उपलक्ष्य पर खुर्जा नगर में भव्य दिव्य चतुर्थ निशान शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस निशान यात्रा में बाबा की भव्य पालकी, भव्य रथ यात्रा, शहनाई, बैंड और डीजे के साथ 501 निशान यात्रा शामिल होंगे। यह निशान यात्रा श्री नवदुर्गा शक्ति मंदिर से शुरू होकर जेवर अड्डा चौराहा, पद्दम की पुलिया, पुरानी तहसील रोड़, बस स्टैंड, मुंडाखेड़ा चौराहा, नेहरुपुर चुंगी, राममूर्ति स्कूल, बुर्ज उस्मान, सब्जी मंडी, ककराला कबाड़ी बाजार चौराहा, पदम सिंह गेट से होती हुई नई बस्ती स्थित लाडली दास मंदिर पर संपन्न होगी। बैठक का शुभारंभ श्याम नाम संकीर्तन एवं श्याम प्रभु स्मरण से किया गया। मंडल के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्याम प्रेमियों ने एकजुट होकर यात्रा को भव्य, अनुशासित एवं भक्तिमय रूप देने के संकल्प के साथ अपनी सेवाभावना व्यक्त की। वहीं बैठक में यात्रा की संपूर्ण रूपरेखा, मार्ग निर्धारण, निशान व्यवस्था, सेवा दल की नियुक्ति, सजावट, स्वागत एवं जल व्यवस्था आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी ने एक स्वर में यह भावना व्यक्त की कि श्याम नाम के प्रचार और भक्ति का यह अवसर केवल आयोजन नहीं अपितु समर्पण का पर्व है। श्री श्याम संकीर्तन मंडल ने सभी श्याम भक्तों से आव्हान किया कि वे आगामी चतुर्थ निशान यात्रा में बढ़-चढ़कर सहभागी बनें, और बाबा श्याम के नाम को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी आस्था और श्रम का समर्पण करें। इस बैठक में राम दिवाकर, प्रवीण भाटी, ओम प्रकाश शास्त्री, हैप्पी वर्मा,विकास वर्मा. हरीश गौड़, निशांत गर्ग, पवन भार्गव, यश कश्यप, तरुण अग्रवाल, आशीष गुप्ता, आशू गुप्ता, विष्णु अग्रवाल सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












