बुलंदशहर : 19 / नवंबर / 2025 : बुलंदशहर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। दोनों बदमाश गैंगस्टर एक्ट में वांछित थे और उनके ऊपर 10-10 हजार रुपये का इनाम था। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि 18 नवंबर की रात को कोतवाली नगर पुलिस और स्वाट टीम वलीपुरा नहर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वे भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और घेराबंदी की। बदमाशों ने दोबारा पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें मौके से ही दबोच लिया। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाशों की पहचान रहीमुद्दीन और सनाउल अंसारी के रूप में हुई। गिरफ्तार रहीमुद्दीन और सनाउल अंसारी पर अलग अलग थानों में चार-चार मुकदमे दर्ज हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












