बुलंदशहर : 13 / जनवरी / 2026 : ‘भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति’ के तत्वावधान में आज खुर्जा नगरपालिका कार्यालय के बाहर दर्जनों किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि नगरपालिका प्रशासन शहर की मूलभूत समस्याओं को सुलझाने में पूरी तरह विफल रहा है, जिससे आम जनता का जीना मुहाल हो गया है। भ्रष्टाचार और बदहाली का आरोप धरने का नेतृत्व कर रहे है। यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री संदीप सिंह भाटी ने मीडिया से रूबरू होते हुए नगरपालिका पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शहर के अधिकांश नाले चोक पड़े हैं और उनकी सफाई केवल कागजों या ‘ऊपरी तौर’ पर हो रही है। सड़कों पर गहरे गड्ढे हैं और कई रास्ते अभी भी कच्चे हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। भाटी ने विशेष रूप से पीले बम्बे से लेकर धराऊ तक के 2 किलोमीटर के क्षेत्र का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि नगरपालिका द्वारा सड़क के दोनों किनारों पर कचरा फेंका जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी, दमा और खांसी जैसी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, “जब किसान की पराली का छोटा सा टुकड़ा जलता है, तो ड्रोन और सैटेलाइट से निगरानी की जाती है। लेकिन जब नगरपालिका खुले में कचरा फेंककर प्रदूषण फैला रही है, तो प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।”
किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी और धरातल पर सुधार नहीं दिखेगा, उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोक नालों की सफाई, कचरा निस्तारण और सड़कों का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो किसान यूनियन सड़कों को पूरी तरह जाम कर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगी। फिलहाल, किसानों ने नगरपालिका के ‘झूठे आश्वासनों’ को ठुकराते हुए धरना स्थल पर डटे रहने का संकल्प लिया है।
खुर्जा नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी ने कहा कि उपलब्ध राशि के हिसाब से सभी वार्डो में काम कराया जा रहा है। रोस्टर के हिसाब से लाइटों का कार्य कराया जा रहा है। एक दिन में दो वार्डो में लाइटे नगरपालिका सदस्यों के हिसाब से लगाई जा रही है। किसान यूनियन के लोगो कि जो मांगे है। उनको सुना गया है। जल्दी रास्तो पर कार्य आरम्भ कराया जायेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












