बुलंदशहर : 22 / जनवरी / 2026 : खुर्जा कचहरी रोड स्थित चर्च के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। जहां स्कूटी में वेल्डिंग का कार्य कराते समय अचानक निकली चिंगारी से गाड़ी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुभाष रोड निवासी संजय अपनी स्कूटी में वेल्डिंग का कार्य कराने के लिए कचहरी रोड स्थित बस स्टैंड के समीप एक दुकान पर आए थे। जब मिस्त्री स्कूटी में वेल्डिंग कर रहा था, तभी उससे निकली एक चिंगारी ने स्कूटी को चपेट में ले लिया। पेट्रोल के संपर्क में आते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बीच सड़क पर स्कूटी को धूं-धूं कर जलता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई और पानी व मिट्टी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। जिस समय आग लगी, स्कूटी सवार और मिस्त्री समय रहते दूर हट गए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। पीड़ित पक्ष ने अभी मामले में कोई कानूनी शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












