खुर्जा : 13 / फरवरी / 2026 : खुर्जा में आगामी महाशिवरात्रि के पावन पर्व और क्षेत्र में शुरू हुई कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए खुर्जा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) खुर्जा, शोभित कुमार ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। खुर्जा नगर क्षेत्र में लगभग 10 ऐसे बिंदु चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें संवेदनशील मानते हुए वहां विशेष पुलिस पिकेट तैनात की गई है। इन स्थानों पर पुलिसकर्मी 24 घंटे निगरानी रखेंगे ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सीओ ने जानकारी दी कि अनूपशहर, रामघाट और गढ़मुक्तेश्वर से जल लेकर आने वाले कांवड़िए खुर्जा के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। साथ ही, बड़ी संख्या में कांवड़िए यहाँ से जेवर और अलीगढ़ की ओर भी प्रस्थान करते हैं। कांवड़ियों की सुविधा के लिए पूरे रूट पर बैरिकेटिंग, कोन और साइन बोर्ड लगाए गए हैं।
कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर यातायात को अन्य मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया है। पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग और ‘थाना मोबाइल’ द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस आपसी सौहार्द बनाए रखने पर भी जोर दे रही है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सभी धर्मगुरुओं और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद किया गया है और उनसे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।
शोभित कुमार ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि किसी भी व्यक्ति ने क्षेत्र की शांति भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश की, तो पुलिस उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करेगी। मंदिरों में जलाभिषेक के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और बैरिकेटिंग के जरिए विशेष प्रबंधन किए गए हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












