गोरखपुर/ सुनील पठक १७ फरवरी २०२६ : पीपीगंज रायपुर पीपीगंज स्थित पैसिफिक कालेज ऑफ नर्सिंग में एएनएम (ANM) और जीएनएम (GNM) छात्राओं का भव्य “लैंप लाइटनिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने सेवा, समर्पण और मानवता की भावना के साथ नर्सिंग पेशे में उत्कृष्ट योगदान देने का संकल्प लिया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज थालेसरी (ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर) और विशिष्ट अतिथि डॉ. सैयद हबीबुल्लाह एवं हिमांशु (जनरल मैनेजर एचआर, सिटी हॉस्पिटल) रहे। सभी अतिथियों का कॉलेज प्रबंधन द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुई। इसके बाद छात्राओं ने पारंपरिक लैंप लाइटनिंग की रस्म निभाई, जो नर्सिंग पेशे में करुणा, सेवा और समर्पण का प्रतीक मानी जाती है। शपथ ग्रहण के दौरान छात्राओं ने मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि मनोज थालेसरी ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग का क्षेत्र परोपकार और मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा, “जब नर्स मरीज के साथ आत्मीयता से जुड़ती है, तो मरीज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होता है। इससे बढ़कर कोई मानवीय सेवा नहीं है।” उन्होंने कॉलेज के डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर और समस्त स्टाफ को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

वहीं विशिष्ट अतिथि हिमांशु (जनरल मैनेजर एचआर, सिटी हॉस्पिटल) ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज से पासआउट होने के बाद आप सभी विभिन्न अस्पतालों में अपनी सेवाएं देंगी। इसलिए अभी से ही अनुशासन, दक्षता और व्यावहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि पैसिफिक कालेज ऑफ नर्सिंग छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तैयार करता है।
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में अंजू एंड टीम (GNM प्रथम वर्ष) और सोलो में अनुराधा (GNM तृतीय वर्ष) को विजेता घोषित किया गया। छात्राओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नाट्य रूपांतरण के माध्यम से नर्सिंग सेवा के महत्व और “सही मतदान, सही चुनाव” जैसे सामाजिक विषयों पर संदेश दिया गया। छात्राओं की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और सभी ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की छात्राओं ने बेहद प्रभावशाली ढंग से किया। पूरे आयोजन में अनुशासन और गरिमा का विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम के दौरान कालेज के प्रधानाचार्य चिराग क्रिस्टी वाइस प्रिंसिपल विशाल ओरीलाल समेत सभी स्टाफ मौजूद रहे। और अंत में कॉलेज के डिप्टी डायरेक्टर ई. इरफान हाशमी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह समारोह छात्राओं के जीवन में एक नई शुरुआत का प्रतीक है और उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












