बुलंदशहर। सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून तीन युवकों के लिए भारी पड़ गया। खुर्जा नगर पुलिस ने शुक्रवार को थाना परिसर में वीडियो बनाकर उसे वायरल करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अंकुश कुमार (18), अरविंद (21) और अमन कुमार (19) बीते 21 फरवरी को किसी शिकायत के सिलसिले में खुर्जा नगर थाने आए थे। थाने से बाहर निकलते समय इन्होंने परिसर के भीतर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो संज्ञान में आते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम और खुर्जा नगर पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पकड़े गए युवकों में से दो सगे भाई हैं, जो काशीराम आवास के निवासी हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संस्थानों की मर्यादा भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












