खुर्जा : 28 / फरवरी / 2026 : खुर्जा के संयुक्त तत्वावधान में श्री लाडली दास मंदिर, नई बस्ती, श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव का दिव्य एवं भक्ति-भाव से परिपूर्ण आयोजन सम्पन्न हुआ। महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों एवं रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आनंदमय हो उठा। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए श्याम प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ बाबा श्री श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भजन संध्या में गाजियाबाद से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रशांत सूर्यवंशी जी ने अपनी मधुर वाणी एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत श्याम भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” के जयकारों से गुंजायमान हो गया। देर रात्रि तक चले इस भक्ति कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने एकाग्र भाव से भजनों का आनंद लिया।

महोत्सव के दौरान विशेष आकर्षण के रूप में बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया, अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित रखी गई, बाबा का अलौकिक एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया, पुष्प वर्षा के माध्यम से भक्तों ने अपनी श्रद्धा अर्पित की। इन सभी दिव्य झलकियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं के मन को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं, दानदाताओं एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार भव्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक जागृति एवं एकता का संदेश देने का संकल्प दोहराया। यह महोत्सव भक्तों के लिए अविस्मरणीय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण अनुभव सिद्ध हुआ।

![]()
