डिबाई : 27 / मार्च / 2026 : थाना नरौरा पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए मिशन शक्ति-5.0 अभियान के अंतर्गत सराहनीय कार्य किया। बेलोन भवानी मंदिर में आयोजित मेले में हजारों की भीड़ के बीच जनपद कासगंज की एक 3 वर्षीय बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई।
परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी बच्ची का पता न चलने पर सूचना थाना नरौरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मेले में सघन तलाश अभियान चलाया। भीड़भाड़ और अफरा-तफरी के माहौल के बावजूद पुलिस टीम ने सूझबूझ और सक्रियता दिखाते हुए मात्र एक घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलन्दशहर दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में की गई इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली। बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने नरौरा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी जमकर सराहना की।

इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक गंगा प्रसाद आर्य, महिला उपनिरीक्षक रेनू, महिला हेड कांस्टेबल प्रतिभा धामा और महिला कांस्टेबल रजनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नरौरा पुलिस की इस मुस्तैदी ने भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन का विश्वास और मजबूत किया है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












