बुलन्दशहर : 27 / मार्च / 2026 : नरसेना थाना क्षेत्र के गांव घुंघरावली के जंगल में युवती की गर्दन काटकर की गई निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया था।
नरसेना पुलिस के अनुसार कुछ दिन पूर्व घुंघरावली के जंगल में घास काटने गए ग्रामीणों को एक युवती का बिना सिर का शव पड़ा मिला था। शव की हालत इतनी भयावह थी कि आसपास के क्षेत्र में खौफ फैल गया।पहचान छिपाने के उद्देश्य से हत्यारे ने युवती की गर्दन धड़ से अलग कर दी थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज की। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए और सर्विलांस की मदद से गांव सुलेला निवासी 22 वर्षीय सचिन को हिरासत में लिया। पूछताछ में पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली। उसने बताया कि मृतका बबली के साथ उसका प्रेम संबंध था और आपसी विवाद के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी ने युवती को बहला-फुसलाकर घुंघरावली के जंगल में ले जाकर पहले से छिपाकर रखे धारदार हथियार से उसकी गर्दन काट दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
इस हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम, उपनिरीक्षक अजीत सिंह समेत पुलिस टीम और स्वाट टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
घटना के खुलासे से पहले घुंघरावली के जंगल में बिना सिर का शव मिलने से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई थी। शव की पहचान न होने के कारण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती थी, लेकिन तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों से पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए कॉल डिटेल्स का विश्लेषण किया। इसके आधार पर शक की सुई सचिन पर गई, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और आखिरकार पूरे मामले का खुलासा हो गया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने पहले से ही जंगल में धारदार हथियार छिपा रखा था। उसी हथियार से उसने युवती की गर्दन काटकर हत्या की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह हथियार बरामद कर लिया है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












