Home » उत्तर प्रदेश » हाथरस में सेवा भारती के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता से जीता मन

हाथरस में सेवा भारती के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता से जीता मन

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

ब्यूरो चीफ दुष्यंत पचौरी हाथरस

 

हाथरस : 1 / अप्रैल / 2026 :  लेबर कॉलोनी स्थित सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में सेवा भारती की जनपद इकाई का वार्षिकोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा भारती के कार्यों, सामाजिक दायित्वों और बच्चों की प्रतिभा की शानदार झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सेवा भारती ब्रज प्रदेश की उपाध्यक्ष डॉ. निर्मला सिंह ने कहा कि सेवा भारती शिक्षा, संस्कार, नैतिकता, स्वावलंबन और धार्मिक जागरूकता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दलित, वंचित, उपेक्षित और साधनहीन समाज को संस्कारित और जागरूक बनाकर ही देश की सामाजिक सुरक्षा मजबूत की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि सेवा भारती बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने के साथ-साथ स्वावलंबन के लिए प्रशिक्षण भी दे रही है। भजन मंडलियों के माध्यम से धार्मिक जागरण और सामाजिक चेतना पैदा कर धर्मांतरण व लव जिहाद जैसे षड्यंत्रों से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से सेवा भारती के कार्यों में सहयोग देने की अपील भी की।
इस अवसर पर सेवा भारती ब्रज प्रदेश की भजन मंडली प्रमुख सीमा कौशिक ने सेवागीत प्रस्तुत किया। वहीं सेवा भारती के विभिन्न केंद्रों के बच्चों ने देशभक्ति, समाज सुधार और समसामयिक विषयों पर आधारित गीत, नाटक और योग प्रदर्शन कर दर्शकों को भावुक कर दिया।

बच्चों ने रानी लक्ष्मीबाई पर आधारित नाटक “मैं रहूं न रहूं, ये भारत रहना चाहिए” प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। वहीं “मेरा रंग दे बसंती चोला” प्रस्तुति के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। “मोबाइल बुरी बला है” और फास्ट फूड के दुष्प्रभावों पर आधारित नाटकों ने बच्चों और युवाओं को जागरूक करने का संदेश दिया। सूर्य नमस्कार और योगासन की प्रस्तुति ने योग के महत्व को दर्शाया, जबकि हास्य नाटक “अनपढ़ बहू” के माध्यम से नारी शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत आयुर्वेद वर्क्स के स्वामी कृष्ण कुमार अग्रवाल ने की। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच पैदा करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन सेवा भारती के जिला कोषाध्यक्ष भवतेन्द्र पाल सिंह और जिला उपाध्यक्ष वासुदेव माहौर एडवोकेट ने संयुक्त रूप से किया। अंत में सेवा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. वीपी सिंह ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment