कुशीनगर : 9 / अप्रैल / 2026 : कुशीनगर कसया तहसील क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि शिकायत दिए जाने के आठ दिन बाद भी उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पीड़िता मेरून निशा ने कसया थानाध्यक्ष पर हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने 1 अप्रैल 2026 को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता के अनुसार, वह ग्राम धुरिया मोतीपुर, थाना कसया की निवासी है। उसने आरोप लगाया कि लखीमपुर खीरी जनपद के ग्राम नरहर निवासी सोनू नामक युवक पिछले करीब दो वर्षों से उसके संपर्क में था और शादी का वादा करता रहा। महिला का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। साथ ही विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला ने बताया कि उसने 26 मार्च 2026 को आरोपी पर शादी से इनकार करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करानी चाही, लेकिन स्थानीय पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की। इसके बाद उसने डीआईजी को भी प्रार्थना पत्र दिया, जहां से कार्रवाई के आदेश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद थाना स्तर पर मामला दर्ज नहीं हुआ।
पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय पुलिस आरोपी के पक्ष में काम कर रही है। उसने कहा कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कसया पुलिस की होगी।
इस मामले में जब कसया थानाध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने बताया कि एफआईआर दर्ज कर उसकी प्रति पीड़िता के घर भेज दी जाएगी। अब देखना यह होगा कि पीड़िता को न्याय मिलता है या मामला फिर लंबित रह जाता है।
![]()
