डिबाई 15 / अप्रैल / 2026 : जनपद में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना नरौरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गंगा बैराज क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना नरौरा पुलिस टीम ने गांधी घाट पार्किंग, नरोरा बैराज के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक बुलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 36 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान खेमपाल पुत्र प्यारेलाल एवं मदनपाल पुत्र पप्पू, निवासी ग्राम मईहुसैनपुर थाना जुनावई जनपद संभल के रूप में हुई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बुलेरो गाड़ी (UP 38 AH 6663) को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के कुशल निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मधुप कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाई जा रही अपराध नियंत्रण मुहिम के अंतर्गत की गई। पुलिस ने इस मामले में थाना नरौरा पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी मदनपाल का आपराधिक इतिहास पहले से ही रहा है, जिसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है, ताकि नशा तस्करी के पूरे तंत्र को ध्वस्त किया जा सके।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गंगा प्रसाद राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक सुभाष राजपूत, प्रशांत यादव सहित कांस्टेबल अभिषेक पंवार, विकास कुमार, अमन कुमार एवं राहुल कुमार शामिल रहे, जिनकी सतर्कता और तत्परता से यह बड़ी सफलता संभव हो सकी।
नरोरा बैराज पर हुई इस बड़ी कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि बुलन्दशहर पुलिस अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ पूरी तरह सख्त है। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो रहा है और अपराधियों में डर का माहौल बन रहा है।
![]()
