जहांगीराबाद के इंटर कॉलेज में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता, सलाद प्रतियोगिता में ईशु ने मारी बाजी

जहांगीराबाद : 11 / मई / 2026 :  जहांगीराबाद  नगर के रघुवर दयाल प्रभु दयाल इंटर कॉलेज में छात्राओं को संतुलित भोजन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “सलाद प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 22 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न प्रकार के आकर्षक व पौष्टिक सलाद तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि गर्मियों के मौसम में खान-पान के प्रति विशेष सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए छात्राओं को संतुलित भोजन के महत्व से अवगत कराने के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा सात की ईशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा दस की लक्ष्मी और पूजा यादव संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। कक्षा छह की बानी शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सलाद हमारे दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। ताजी सब्जियों और फलों से तैयार सलाद शरीर को आवश्यक पोषक तत्व, फाइबर और पर्याप्त पानी प्रदान करता है। नियमित रूप से सलाद का सेवन करने से हाई ब्लड प्रेशर, कैंसर, हीट स्ट्रोक और हृदय रोग जैसी समस्याओं से बचाव में भी मदद मिलती है।

विद्यालय के प्रबंधक गिरीश गर्ग, निदेशक शरद अग्रवाल और संयोजक कुलदीप गर्ग ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। वहीं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीनू चौधरी ने विजयी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता की संयोजिका मोनालिसा चौधरी रहीं।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment