देवरिया : 19 / मई / 2026 : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रूद्रपुर क्षेत्र में शराब की दुकानों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, 18 मई की देर रात थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर अपनी पुलिस टीम के साथ आदर्श चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि शराब की दुकानों में चोरी करने वाला एक संदिग्ध आरोपी बोलेरो वाहन से क्षेत्र में प्रवेश करने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल सेमरौना पुल के पास बैरियर लगाकर तगड़ी घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद पुलिस को एक संदिग्ध बोलेरो आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक वाहन को मोड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने सेमरौना श्मशान घाट के पास पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसी आपाधापी में आरोपी का वाहन अनियंत्रित होकर मिट्टी के एक टीले से टकरा गया। वाहन टकराने के बाद आरोपी गाड़ी छोड़कर खेतों की ओर भागा और उसने दोबारा पुलिस पर गोलियां बरसाईं।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से ही उसे दबोच लिया और तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रूद्रपुर में भर्ती कराया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सामान बरामद किया है एक चोरी की बोलेरो गाड़ी , एक .315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस गंभीर धाराओं में केस दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी मामले की जानकारी देते हुए एएसपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करने, अवैध हथियार रखने और चोरी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल उसके पूरे आपराधिक नेटवर्क और साथियों की तलाश की जा रही है। एएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि जिले में शराब तस्करी और चोरी जैसे अपराधों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












