Home » बुलंदशहर » गंगा दशहरा मेले की तैयारियां तेज, कर्णवास में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन

गंगा दशहरा मेले की तैयारियां तेज, कर्णवास में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

डिबाई  : 23 / मई / 2026 :  डिबाई क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी कर्णवास में आगामी गंगा दशहरा मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

कर्णवास को महाभारत कालीन दानवीर कर्ण की नगरी के रूप में जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार राजा कर्ण यहां प्रतिदिन सवा मन सोना दान किया करते थे, जिसके कारण इस स्थल का विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व माना जाता है। गंगा दशहरा के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं।

इसी क्रम में कोतवाली प्रभारी विशाल प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम जितेंद्र सिंह तथा चौकी प्रभारी चंद्रपाल सिंह ने गंगा घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था देखी और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कराए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। मेले में गोताखोरों की तैनाती, खोया-पाया केंद्र, चिकित्सा सुविधा के लिए डॉक्टरों की व्यवस्था तथा पुलिस और प्रशासन के लिए अलग मोटर बोट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। मेले के संचालन के लिए कैंप कार्यालय बनाया जा रहा है।

इसके अलावा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैक्टर, कार, बाइक और अन्य वाहनों हेतु अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनपद के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल कर्णवास गंगा दशहरा मेला हर वर्ष आस्था, श्रद्धा और धार्मिक परंपरा का केंद्र बनता है। इस बार भी प्रशासन लाखों श्रद्धालुओं के सुरक्षित गंगा स्नान और सुचारू व्यवस्थाओं को लेकर पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment