पुलिस की ईमानदारी से महिला को मिला तीन लाख का खोया हार, एसपी ने किया सम्मानित

दुष्यंत पचौरी,  हाथरस

 

हाथरस : 26 / मई / 2026 :  हाथरस कोतवाली नगर क्षेत्र के कमला बाजार में एक महिला का लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का सोने का हार गुम हो गया। काफी तलाश के बाद भी हार नहीं मिलने पर महिला और उसके परिजन परेशान हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार और पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार ने तत्परता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की और आखिरकार हार को सुरक्षित बरामद कर महिला को वापस लौटा दिया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार 24 मई को पुराना बर्फखाना निवासी माधुरी गर्ग पत्नी नवल किशोर गर्ग कमला बाजार में कुल्फी खाने आई थीं। इसी दौरान भीड़भाड़ में उनका सोने का हार कहीं गिर गया। काफी देर तक बाजार में तलाश करने के बाद भी हार का पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलने पर थाना कोतवाली नगर पर तैनात प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार और पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार मौके पर पहुंचे।

दोनों पुलिसकर्मियों ने आसपास के दुकानदारों और लोगों से पूछताछ कर पूरे क्षेत्र में गहन तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयास और सजगता के चलते महिला का बहुमूल्य हार सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने हार महिला को सौंप दिया। अपना खोया हार वापस पाकर महिला और उनके परिजनों ने राहत जताई तथा हाथरस police की ईमानदारी और संवेदनशीलता की सराहना की।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने दोनों पुलिसकर्मियों के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह कार्य आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment