गोरखपुर : 5 / जून / 2026 : गर्मी के मौसम में नदियों और तालाबों में नहाने के दौरान होने वाली डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए राजघाट पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राजघाट गौरव वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के तकिया घाट पर चौपाल आयोजित कर लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
चौपाल के दौरान पुलिसकर्मियों ने अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नदी, तालाब और अन्य गहरे जलाशयों में नहाने के लिए न भेजें। पुलिस ने बताया कि थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है, इसलिए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

अभियान के तहत गहरे और संवेदनशील घाटों के किनारे चेतावनी संबंधी बैनर लगाए गए हैं। साथ ही संभावित खतरे वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों एवं स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों को भी सुरक्षा व्यवस्था में सहभागी बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश शर्मा, चौकी प्रभारी रहमत नगर तथा स्थानीय पार्षद सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा थाना राजघाट पुलिस द्वारा संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त भी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस की इस मानवीय पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे बच्चों व युवाओं की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
![]()
