सुनील पाठक , गोरखपुर
बस्ती : 20 / जून / 2026 : केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के असम प्रभारी एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर नई पहचान के साथ उभर रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का उद्देश्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
सम्मेलन में वरिष्ठ पत्रकार जयंत मिश्र, यशकांत सिंह, रवि सोनकर, रमा शर्मा, जगदीश अग्रहरी, पुनीत ओझा, सुरेन्द्र पाण्डेय, कौशलेन्द्र पाल, गोपेश्वर त्रिपाठी और राजेश पाल चौधरी सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी प्रेक्षागृह परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए मुख्य अतिथि ने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली। विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अखण्ड प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
![]()
